इराक़ में सेना और स्वयंसेवकों ने अल-अंबार प्रांत के अलबगदादी शहर के एक क्षेत्र को आतंकवादियों के कब्जे से मुक्त करा लिया है।
अल-आलम टीवी चैनल के हवाले से मिली रिपोर्ट के अनुसार इराकी सेना और स्वयंसेवकों ने इराक़ के पश्चिमी प्रांत अल-अंबार के अलबगदादी शहर के एक महत्वपूर्ण क्षेत्र “जिबह” को तकफीरी आतंकवादी गिरोह आईएस के कब्जे से मुक्त करा लिया है। इराकी सेना और स्वयंसेवकों की संयुक्त कार्रवाई में पंद्रह आतंकवादी मारे गए और उनके वाहनों को नष्ट कर दिया गया। उधर "शहीद सद्र फोर्स" पूर्वी अल-रेमादी के अलकरमः क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रही है
सूचना के अनुसार "शहीद सद्र फोर्स" ने एक टैंकर बम को निष्क्रिय कर दिया और आतंकवादियों के हथियारों के चार गोदामों को नष्ट कर दिया जबकि अहले हक़ ब्रिगेड ने घोषणा की है कि उन्होंने अल-अंबार की स्वतंत्रता के आप्रेशन में भाग लेने के लिए एक हजार प्रशिक्षित लोगों को भेजा है। इस बीच इराकी सेना और स्वयंसेवक बल से जुड़े दस हजार जवानों को अल-अंबार प्रांत और बाबुल की सीमाओं पर तैनात कर दिया गया है। दूसरी ओर अल-अंबार में आईएस के डर से अपना घर बार छोड़ आने वाले हजारों लोगों को राजधानी बग़दाद के अस्थायी शिविरों में बसाया जा रहा है।